नगर निगम सहारनपुर में सरदार पटेल व इंदिरा गांधी का किया गया भावपूर्ण स्मरण
पटेल ने आधुनिक भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई: महापौर
सहारनपुर (रोज़ाना ब्यूरो)। नगर निगम परिसर में महापौर डॉ. अजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित एक कार्यक्रम में भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरागांधी की पुण्य तिथि पर दोनों महान विभूतियों का भावपूर्ण स्मरण किया गया। महापौर डॉ. अजय कुमार, अपर नगरायुक्त सूरज कुमार यादव व मृत्युंजय सहित निगम के अधिकारियोें एवं पार्षदों ने दोनो राष्ट्रीय विभूतियों के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर तथा पुष्प अर्पित कर भावांजलि दी। महापौर ने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पार्षदों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलायी।
महापौर डॉ. अजय कुमार ने दोनों युगदृष्टा राष्ट्रनायकों को अपनी भावांजलि देते हुए कहा कि सरदार पटेल केवल एक स्वतंत्रता सेनानी नहीं थे, वे एक दृढ़ इच्छाशक्ति, अदम्य साहस और राष्ट्रीय एकता के जीवंत प्रतीक थे। उन्होंने अपनी दूरदर्शिता और कूटनीतिक कुशलता से सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर आधुनिक भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। श्रीमती गांधी को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि उनका संपूर्ण राजनीतिक जीवन देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रसंगों का साक्षी रहा है।
अपर नगरायुक्त सरज कुमार यादव ने कहा कि हमारी एकता सबसे बड़ी शक्ति और हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है। दोनों महान विभूतियों को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखे। वरिष्ठ लेखा परीक्षक अजमैन व उपसभापति मयंक गर्ग ने दोनों राष्ट्रनायकों को भावांजलि देते हुए कहा कि दोनों विभूतियों के राष्ट्रीय एकता व अखण्डता के सिद्धांत भारत में सदैव जीवित रहेंगे।
साहित्यकार डॉ. वीरेंद्र आज़म ने कहा कि सरदार पटेल के कुशल नेतृत्व, दृढ़ इच्छाशक्ति एवं निर्णयों ने देश के निर्माण और इतिहास में एक गहरी छाप छोड़ी है। आज ली गई शपथ तभी सार्थक होगी जब वह हमारे व्यवहार, विचार और कार्यो में भी दिखाई देगी। कार्यक्रम में उक्त के अतिरिक्त सहायक नगरायुक्त जे पी यादव व बिकास धर दुबे, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, नगर स्वास्थय अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह, पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा, लेखाधिकारी मनोज त्रिपाठी सहित निगम के सभी अधिकारी तथा पार्षद समीर अंसारी, चौ. वीरसेन सिद्धू, पार्षद प्रतिनिधि राकेश कल्याण व सईद सिद्दकी आदि मौजूद रहे।