150 एमबीबीएस सीटों के लिए श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में तैयारियां पूरी, छात्रों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
श्रीनगर (गढ़वाल)। नीट-यूजी परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद वीर चंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय मेडिकल कॉलेज, श्रीनगर में एमबीबीएस प्रवेश प्रक्रिया की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कॉलेज प्रशासन ने नए छात्रों और उनके अभिभावकों को सुगम एवं पारदर्शी प्रवेश प्रक्रिया उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
इस वर्ष मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की कुल 150 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इनमें 85 प्रतिशत सीटें राज्य कोटे तथा 15 प्रतिशत सीटें अखिल भारतीय कोटे के माध्यम से भरी जाएंगी। हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय की ओर से काउंसिलिंग कार्यक्रम घोषित होने से पहले ही कॉलेज प्रशासन ने तैयारियों को गति दे दी है।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने शैक्षणिक अनुभाग का निरीक्षण कर प्रवेश व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान छात्रों और उनके अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए सभी प्रवेश काउंटर सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किए जाएं और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
प्राचार्य ने परिसर में छात्रों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, पंखों की उपलब्धता, शौचालयों की मरम्मत एवं संचालन, परिसर की साफ-सफाई और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही प्रवेश के दौरान मेडिकल परीक्षण और आवश्यक प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया को भी सुव्यवस्थित रखने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा छात्रावासों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने, कैंटीन में स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने तथा वाटर कूलर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने कहा कि कॉलेज प्रशासन का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया के दौरान सहज, पारदर्शी और छात्र-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपने चिकित्सा शिक्षा के नए सफर की शुरुआत कर सकें।