BRICS बैठकों का वैश्विक केंद्र बनेगा जयपुर, अगस्त में व्यापार, वित्त और पर्यटन पर होगा महामंथन

जयपुर में BRICS सम्मेलन की तैयारियां तेज, दुनिया की नजरें पिंक सिटी पर

जयपुर। अगस्त माह में राजस्थान की राजधानी जयपुर अंतरराष्ट्रीय कूटनीति और वैश्विक आर्थिक सहयोग का प्रमुख केंद्र बनने जा रही है। भारत की BRICS अध्यक्षता के तहत पूरे महीने जयपुर में व्यापार, वित्त, बैंकिंग और पर्यटन से जुड़ी उच्चस्तरीय मंत्रीस्तरीय बैठकों का आयोजन होगा। इन बैठकों में BRICS सदस्य देशों के मंत्री, केंद्रीय बैंक गवर्नर और वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेंगे तथा व्यापार, निवेश, स्थानीय मुद्राओं में लेनदेन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल कॉमर्स, MSME सहयोग और पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन करेंगे।

सितंबर में नई दिल्ली में प्रस्तावित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन से पहले जयपुर में होने वाली ये बैठकें एजेंडा तय करने और सदस्य देशों के बीच समन्वय मजबूत करने की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। इसी को देखते हुए शहर को विशेष रूप से सजाया गया है और प्रमुख मार्गों को लहरिया थीम से आकर्षक रूप दिया गया है।

6-7 अगस्त: व्यापार एवं उद्योग मंत्रियों की बैठक

BRICS गतिविधियों का पहला चरण 6 और 7 अगस्त को आयोजित होगा। रामबाग पैलेस में होने वाली बैठक में भारत सहित ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब और इंडोनेशिया के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री शामिल होंगे। भारत की ओर से केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और राज्य मंत्री जितिन प्रसाद भाग लेंगे।

बैठक में सदस्य देशों के बीच व्यापार बढ़ाने, सप्लाई चेन मजबूत करने, डिजिटल कॉमर्स, ई-कॉमर्स और MSME सहयोग को नई दिशा देने पर चर्चा होगी।

शाही अंदाज में होगा स्वागत

6 अगस्त की शाम सिटी पैलेस में विदेशी प्रतिनिधियों के सम्मान में भव्य गाला डिनर और सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर राजस्थान की लोक संस्कृति, लोकनृत्य, संगीत और पारंपरिक आतिथ्य की झलक दुनिया के सामने प्रस्तुत की जाएगी।

विरासत स्थलों का करेंगे भ्रमण

7 अगस्त को BRICS प्रतिनिधिमंडल आमेर किला सहित जयपुर के प्रमुख ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेगा। इसके माध्यम से राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत, स्थापत्य कला और पर्यटन संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा।

12-13 अगस्त: वित्त मंत्री और केंद्रीय बैंक गवर्नरों का सम्मेलन

अगले चरण में 12 और 13 अगस्त को BRICS देशों के वित्त मंत्री और केंद्रीय बैंक गवर्नर जयपुर में बैठक करेंगे। भारत की ओर से केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा इसमें भाग लेंगे।

बैठक में वैश्विक आर्थिक सहयोग, निवेश, वित्तीय स्थिरता, स्थानीय मुद्राओं में व्यापार, सीमा-पार भुगतान प्रणाली और आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा।

पर्यटन और AI पर विशेष फोकस

19 और 20 अगस्त को BRICS पर्यटन कार्य समूह की उच्चस्तरीय बैठक तथा 21 और 22 अगस्त को पर्यटन मंत्रियों का सम्मेलन आयोजित होगा। इन बैठकों में सुरक्षित एवं सतत पर्यटन, AI आधारित पर्यटन सेवाएं, वैश्विक पर्यटन सहयोग, कौशल विकास और डिजिटल तकनीकों के उपयोग पर व्यापक चर्चा होगी।

दिल्ली शिखर सम्मेलन की तैयारियों का आधार बनेगा जयपुर

अगस्त में आयोजित ये सभी बैठकें 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की तैयारियों की महत्वपूर्ण कड़ी होंगी। जयपुर में तैयार किए गए प्रस्ताव और सिफारिशें शिखर सम्मेलन के अंतिम एजेंडे का आधार बन सकती हैं।

कड़ी सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां

विदेशी प्रतिनिधिमंडलों की मौजूदगी को देखते हुए रामबाग पैलेस, राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC), होटल और भ्रमण स्थलों पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां समन्वय के साथ तैयारियों को अंतिम रूप दे रही हैं।

राजस्थान को मिलेगा वैश्विक मंच

इन बैठकों के जरिए राजस्थान को निवेश, पर्यटन, संस्कृति और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के क्षेत्र में अपनी संभावनाओं को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। सफल आयोजन से भविष्य में राज्य को और बड़े वैश्विक आयोजनों की मेजबानी मिलने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।

अगस्त माह में लगातार होने वाली BRICS बैठकों के साथ जयपुर केवल पर्यटन नगरी ही नहीं, बल्कि वैश्विक आर्थिक सहयोग, कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय संवाद के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में अपनी नई पहचान स्थापित करने की ओर अग्रसर है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.