नई दिल्ली। भारतीय रेलवे दिल्ली और वाराणसी के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने की तैयारी में है। प्रस्तावित सेवा से यात्रियों को रात के समय तेज और आरामदायक रेल यात्रा का विकल्प मिलने की उम्मीद है। ट्रेन का मार्ग कानपुर सेंट्रल और प्रयागराज होते हुए वाराणसी तक निर्धारित किए जाने की योजना है।
प्रस्तावित समय-सारिणी के मुताबिक वाराणसी कैंट से ट्रेन रात करीब 9:20 बजे रवाना होकर रात 10:45 बजे प्रयागराज और देर रात 12:35 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन सुबह करीब 5 बजे नई दिल्ली पहुंचने का प्रस्ताव है। वापसी में ट्रेन नई दिल्ली से रात 9:20 बजे चलकर सुबह करीब 5 बजे वाराणसी पहुंच सकती है।
16 कोच की होगी स्लीपर ट्रेन
प्रस्तावित वंदे भारत स्लीपर में कुल 16 कोच होंगे और इसमें करीब 823 यात्रियों के बैठने-सोने की क्षमता होगी। ट्रेन में 11 एसी थ्री-टियर, चार एसी टू-टियर और एक फर्स्ट एसी कोच शामिल किए जाने की योजना है। ट्रेन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस किया जाएगा।
ट्रेन की परिचालन गति 130 से 160 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रहने की उम्मीद है। हालांकि वास्तविक गति संबंधित रेलखंड और ट्रैक की क्षमता पर निर्भर करेगी। इसके संचालन से दिल्ली, प्रयागराज और वाराणसी के बीच यात्रा समय कम होने की संभावना है।
दीपावली तक संचालन की तैयारी
रेलवे सूत्रों के अनुसार ट्रेन का ट्रायल इसी महीने शुरू किए जाने की संभावना है और दीपावली तक नियमित सेवा शुरू करने की तैयारी है। हालांकि रेलवे बोर्ड की ओर से अभी ट्रेन नंबर, अंतिम समय-सारिणी, किराया और नियमित संचालन की तारीख को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
प्रस्तावित ट्रेन का रखरखाव उत्तरी रेलवे द्वारा किए जाने की योजना है। त्योहारों के मौसम को देखते हुए ट्रेन के ट्रायल और परिचालन संबंधी मंजूरियों की प्रक्रिया पर काम चल रहा है।