डम्पर ने पेपर मिल रोड पर तोड़ डाले निगम के दो बैरियर
निगम ने एसएसपी को लिखा पत्र, पुलिस ने डम्पर चालक को पकड़ा
सहारनपुर (रोज़ाना ब्यूरो )। नगर निगम द्वारा पेपर मिल रोड पर लगाये गए लोहे के दो हाइट बैरियरों को आज सुबह एक बडे़ ट्रक/डम्पर ने तोड़ दिया जिससे देखते देखते उक्त रोड पर जाम की स्थिति पैदा हो गयी। बैरियर टूटने से निगम की सम्पत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। नगर निगम ने डम्पर की लापरहावी को गंभीरता से लेते हुए सम्बंधित डम्पर चालक के खिलाफ कार्रवाई करने तथा भारी व ओवरलोड वाहनों को नियंत्रित और प्रतिबंधित करने के लिए एसएसपी को पत्र लिखा है। पुलिस द्वारा डम्पर चालक को पकड़ लिया गया है।
पेपर मिल रोड पर भारी वाहनों और ओवरलोड वाहनों के कारण दो अलग-अलग हादसों में गत दिनों दो युवकों की मृत्यु को देखते हुए ऐसे वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने के लिए महापौर डॉ. अजय कुमार के निर्देश पर लोहे के तीन हाइट बैरियर लगाये गए थे। बैरियर लगाने वाली ठेकेदार फर्म एम एस इंटरप्राइजेज के स्वामी दीपक द्वारा थाना सदर में दी गयी तहरीर में बताया गया है कि ट्रक/डम्पर एचआर 58 ई 0336 के डम्पर चालक द्वारा आज सुबह करीब साढे़ छह बजे लापरवाही एवं तेज गति से वाहन चलाते हुए तथा प्रदर्शित चेतावनी बोर्डो की अनदेखी करते हुए नगर निगम द्वारा पेपर मिल रोड पर आईपीटी गेट के बाहर लगवाए गए हाइट बैरियर को तोड़ दिया। बैरियर का एक भाग टूटकर डम्पर पर जा गिरा।
इसके बाद भी उक्त डम्पर चालक नहीं रुका और विश्वकर्मा चौक के पास लगे दूसरे हाइट बैरियर को भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। गनीमत यह रही कि सुबह का समय होने के कारण आवागमन ज्यादा नहीं था जिससे किसी को चोट नहीं आयी। दीपक द्वारा तहरीर में डम्पर चालक के खिलाफ कार्रवाई करने और बैरियर टूटने से हुए नुकसान की भरपाई करने की मांग भी की गई है। सहायक नगरायुक्त जे पी यादव ने भी एसएसपी को पत्र लिखकर उक्त घटना से अवगत कराते हुए कहा है कि उक्त गैरजिम्मेदाराना एवं अपराधिक कृत्य से नगर निगम की सार्वजनिक सम्पत्ति को नुकसान पहुंचा है और मार्ग पर यातायात अवरुद्ध हुआ है। उन्होंने वाहन चालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।