कांग्रेस ने आईडीबीआई बिक्री प्रक्रिया की पारदर्शिता पर उठाए सवाल

आईडीबीआई के शेयर की न्यूनतम कीमत पहले 94.42 रुपये तय की गई थी, जिसे बाद में घटाकर 75.99 रुपये कर दिया

नई दिल्ली। कांग्रेस ने आईडीबीआई बैंक की प्रस्तावित बिक्री की प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर शनिवार को सवाल उठाते हुए सरकार से यह स्पष्ट करने को कहा कि बैंक के शेयर का न्यूनतम मूल्य कथित तौर पर कम करने का फैसला किन परिस्थितियों और नियमों के तहत किया गया।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि आईडीबीआई के शेयर की न्यूनतम कीमत पहले 94.42 रुपये तय की गई थी, जिसे बाद में घटाकर 75.99 रुपये कर दिया गया।

उन्होंने सवाल किया कि सरकार के अपने पहले के न्यूनतम मूल्य के मुकाबले करीब 8,800 करोड़ रुपये कम मूल्य पर बैंक की बिक्री की स्थिति क्यों बनी और यह निर्णय किसके कहने पर लिया गया।

रमेश ने यह सवाल भी उठाया कि फेयरफैक्स की बोली खुलने वाले दिन ही न्यूनतम कीमत में बदलाव क्यों किया गया और इसके लिए किन नियमों का पालन किया गया। उन्होंने पूछा कि नई कीमत तय करने वाले लोगों को क्या फेयरफैक्स की बोली की जानकारी पहले से थी।

कांग्रेस नेता ने भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के स्वतंत्र निदेशक गुरुमूर्ति महालिंगम की भूमिका को लेकर भी संभावित हितों के टकराव का सवाल उठाया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.