जोन-3 के द्वितीय बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरु

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के लिए दिया जा रहा प्रशिक्षण

          सहारनपुर (रोज़ाना ब्यूरो)। जनगणना-2027 की तैयारियों के क्रम में नगर निगम सहारनपुर के जोन-3 के अंतर्गत प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के द्वितीय बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आज नगर निगम के शाकुम्भरी कक्ष में प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण आगामी 06 नवम्बर तक दिया जाएगा। जनगणना प्रशिक्षण और प्रतिभाग करने के सम्बंध में सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को शपथ भी दिलायी गयी। प्रशिक्षण का कार्य प्रशिक्षक/निगम के वरिष्ठ लेखा परीक्षक अजमैन व अध्यापिका साक्षी सेठ ने दिया।

          प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बैच संख्या 8933 में कुल 49 कार्मिकों को नामित किया गया है, जिनमें विभिन्न विभागों के शिक्षक, शिक्षामित्र, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां एवं अन्य कर्मचारी सम्मिलित हैं। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जनगणना-2027 के कार्यों को शुद्धता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा में संपन्न कराने हेतु प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को आवश्यक सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना है।

          प्रशिक्षण के दौरान मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना, परिवारों से आवश्यक सूचनाओं का संकलन, डिजिटल माध्यम से आंकड़ों की प्रविष्टि, मोबाइल एप्लीकेशन के उपयोग तथा प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के दायित्वों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षक अजमैन ने प्रशिक्षणार्थियों को बताया कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसके आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी नीतियों एवं संसाधनों के समुचित नियोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक प्रगणक व सुपरवाइजर को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, सावधानी एवं जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।

          अजमैन ने बताया कि जोन-3 के अंतर्गत द्वितीय बैच का प्रशिक्षण आज से शुरु होकर 06 नवम्बर तक तथा तृतीय बैच का प्रशिक्षण आगामी 12, 13 एवं 14 नवम्बर 2026 को आयोजित किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.