तख्त श्री हजूर साहिब में दर्शन के बाद घटना, पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लिया; बादल की हालत स्थिर
नांदेड। महाराष्ट्र के नांदेड में पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना नांदेड के माता साहिब कौर इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि एक निहंग ने धारदार हथियार से सुखबीर सिंह बादल पर हमला करने का प्रयास किया। इस दौरान उनके दाहिने हाथ में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। हमले के दौरान उनकी सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी के भी घायल होने की बात कही जा रही है।

संदिग्ध हिरासत में, जांच जारी
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार संदिग्ध की पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है। अधिकारियों का कहना है कि हमले के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए नांदेड के पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की जानकारी ली है और हमले के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं।
दर्शन के बाद हुआ हमला
घटना से पहले सुखबीर सिंह बादल ने अपनी पत्नी और अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल के साथ तख्त श्री हजूर साहिब में दर्शन किए थे। इसके बाद ही यह घटना सामने आई।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में सुखबीर सिंह बादल एक इमारत के अंदर जाते दिखाई दे रहे हैं। उनके दाहिने हाथ पर कपड़ा बंधा नजर आ रहा है।
पहले भी हो चुका है हमला
सुखबीर सिंह बादल पर इससे पहले भी हमला हो चुका है। 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर के प्रवेश द्वार पर एक व्यक्ति ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की थी। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से वह हमले में बाल-बाल बच गए थे और हमलावर को मौके पर ही पकड़ लिया गया था।
नांदेड की ताजा घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ कर हमले की पूरी वजह और घटनाक्रम का पता लगाने में जुटी है।