देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी नए प्रदेश अध्यक्ष के साथ चुनावी तैयारियों में जुट गई है। पार्टी प्रदेश में गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने का मन बना रही है, लेकिन गठबंधन और सीटों के बंटवारे पर अंतिम मुहर राष्ट्रीय नेतृत्व लगाएगा।
देहरादून में समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने बताया कि गठबंधन की स्थिति में पार्टी अपने हिस्से की सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी। साथ ही सहयोगी दलों को भी पूरा समर्थन देगी। उन्होंने बताया कि गठबंधन की सीटों पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पूरे तन-मन-धन से चुनाव लड़ेंगे और भारतीय जनता पार्टी को प्रदेश से उखाड़ने का काम करेंगे।
सिद्दीकी ने कहा कि समाजवादी पार्टी चाहती है कि प्रदेश की आधी यानी 35 विधानसभा सीटों पर पार्टी चुनाव लड़े, किंतु यह राष्ट्रीय नेतृत्व का मामला है। गठबंधन का राष्ट्रीय नेतृत्व तय करेगा कि किस दल को कितनी सीटें मिलनी हैं।
सपा प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कहा कि जब उत्तराखंड राज्य का गठन हुआ था, तब समाजवादी पार्टी दूसरे नंबर की पार्टी हुआ करती थी, लेकिन दुर्भाग्यवश उत्तराखंड में सपा का जनाधार दिन-प्रतिदिन कमजोर होता चला गया। इस बार आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की कोशिश युवाओं और महिलाओं को संगठन से जोड़कर इसे मजबूत बनाने की रहेगी। उन्होंने बताया कि पार्टी का लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराना है।
सपा प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने बताया कि समाजवादी पार्टी की ओर से शीर्ष नेतृत्व के साथ सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के उत्तराखंड दौरे को लेकर लगातार संपर्क किया जा रहा है। प्रयास है कि इसी महीने या दिसंबर में अखिलेश यादव देहरादून और हरिद्वार का दौरा करें। उन्होंने बताया कि विशेषकर देहरादून और हरिद्वार के कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि अखिलेश यादव एक बार उत्तराखंड दौरे पर आएं।